रैम्प से स्क्रीन तक: प्रीत दत्ता का अभिनय सफर शुरू
मॉडल प्रीत दत्ता अब अभिनेत्री बनकर बड़े पर्दे पर उतर रही हैं। उनकी पहली बांग्ला फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में, बॉलीवुड में भी एंट्री की तैयारी।



मुंबई: फैशन की चमक-दमक वाली दुनिया से निकलकर अब प्रीत दत्ता सिनेमाई परदे पर अपनी छाप छोड़ने की तैयारी में हैं। दो सौ से अधिक रैम्प वॉक, कई फैशन वीक और देश-विदेश के मॉडलिंग इवेंट्स का अनुभव रखने वाली प्रीत अब अभिनय के क्षेत्र में कदम रख रही हैं। उनकी पहली बांग्ला फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और इस समय पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जोर-शोर से चल रहा है। साथ ही, वह बॉलीवुड, शॉर्ट फिल्मों और वेब सीरीज के जरिए भी अपने अभिनय सफर को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
प्रीत दत्ता का यह सफर महज एक करियर बदलाव नहीं है, बल्कि एक ऐसी कलाकार की कहानी है जिसने बचपन से ही फिल्मों के प्रति गहरा लगाव महसूस किया। कोलकाता की मूल निवासी प्रीत के दादा सत्यजीत रे की मशहूर फिल्मों में एडिटर के रूप में काम कर चुके थे। बचपन में डबिंग सेशन, सेट पर छोटे-छोटे सीन और फिल्म एडिटिंग की बारीकियां देखने का मौका मिलने से उनका रुझान अभिनय की ओर बढ़ा। हालांकि शुरुआत में परिवार इस क्षेत्र में जाने को लेकर संकोच में था, लेकिन जब प्रीत ने मॉडलिंग में अपनी जगह बनाई, टॉप फाइव में शुमार हुईं और टाइम्स ऑफ इंडिया जैसे प्रमुख अखबारों में उनकी तस्वीरें और नाम छपे, तो परिवार का भरोसा भी मजबूत हुआ।
मॉडलिंग में उन्होंने सिर्फ खूबसूरती ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और प्रोफेशनलिज्म का परिचय दिया। प्रिंट शूट्स, कैलेंडर और मैगजीन कवर पर उनकी मौजूदगी ने साबित किया कि वह एक सशक्त और बहुमुखी कलाकार हैं। राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई। ‘क्वीन ऑफ बंगाल’ की उपाधि उनके इस सफर की एक और उपलब्धि रही।




































